ग्रेटर नोएडा(टीकम सिंह): दो बच्चों का कानून बनाने की माँग को लेकर जेवर से दिल्ली के लिए पदयात्रा पर निकली जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन की टीम का ग्रेटर नोएडा में युवा संगठन व सत्यार्थ फाउन्डेशन संस्थाओं ने सैकडो कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार शर्मा ने जेवर से पदयात्रा की अगुवाई करने वाले सुनील शर्मा और आर .बी धामा व अन्य कार्यकर्ताओं का फूल माला पहनाकर स्वागत किया।डॉ शर्मा ने कहा कि आज देश की जनसंख्या समस्या नही है बल्कि समस्याओं की जनसंख्या हो गयी है और यदि इस पर तुरन्त प्रभाव से रोक नही लगाई तो देश संसाधनो के अभाव में गृहयुद्ध की तरफ बढ जायेगा जिसके गंभीर परिणाम देश की जनता को भुगतने होंगे।जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन ने इस मुददे को राष्ट्रीय पटल पर लाकर बेहद सराहनीय कार्य किया है और उनकी इस मुहिम में युवा संगठन की पूरी टीम तन,मन और धन से अपना योगदान देगी।
वहीं दूसरी ओर सत्यार्थ फाउन्डेशन के अध्यक्ष श्री गौरव सत्यार्थी ने बताया कि जनसंख्या समाधान की टीम के रात्री विश्राम और खानपान की व्यवस्था ग्रेटर नोएडा के अल्फा 1 के विश्रामघर में की गयी है।जहाँ टीम ने पदयात्रा के कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो इसका विशेष प्रबन्ध किया है।देश में जल्द से जल्द दो बच्चों का कानून बने इसके लिए सत्यार्थ फाउन्डेशन की टीम जनसंख्या समाधान की टीम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।
विश्रामगृह में व्यवस्था की जिम्मेदारी सम्भाल रहे अधिवक्ता गजेन्द्र भाटी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के सम्पूर्ण अधिवक्ताओं का समर्थन जनसंख्या समाधान टीम के साथ है. 10 मार्च की सुबह पदयात्रियों को जलपान कराकर ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद के लिए रवाना किया जायेगा और अधिक्क्तागण सांकेतिक रुप से पदयात्रा में भी शामिल रहेंगे।