दिल्ली में अभी से दिसंबर जैसी सर्दी।

नॉएडा : दिल्ली के लोग इस बार नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड का सामना कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह नवंबर में पिछले चौदह सालों में सबसे कम तापमान है।
मौसम में लगातार ठंड का अहसास बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सफदरजंग मौसम केन्द्र में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पूर्व वर्ष 2006 में 29 नवंबर की तारीख को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह से यह बीते चौदह सालों में नवंबर महीने की सबसे ठंडी सुबह रही। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे है।

तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम होने पर आमतौर पर उसे शीतलहर जैसी स्थिति मानी जाती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति हो सकती है। खासतौर पर सुबह के समय लोगों को खासी ठंडी हवा का सामना करना पड़ेगा।

प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार सितंबर के बाद से ही आसमान साफ रहा है। इसके चलते दिन भर पैदा होने वाली गर्मी वातावरण से बाहर चली जाती है और रातें ठंडी हो जाती हैं। जबकि, पिछले दिनों आए पश्चिमी विक्षोभ के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हुई है। इस समय हवा उधर की दिशा से ही आ रही है, जिससे ठंड में और इजाफा हुआ है।

Related posts

Leave a Comment