विजयवाड़ा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विजयवाड़ा में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा आज मैं विजयवाड़ा आया हूं, मुझे लगता है कि यह धरती आयोजकों ने सही चुनी है। क्योंकि हम संगठन के माध्यम से विचारधारा की विजय हासिल करने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा विजयवाड़ा वीर अर्जुन की तपस्या भूमि है। ये संस्कृति की राजधानी है और यहां पर तेलगू सबसे शुद्ध तरीके से उच्चारित की जाती है।
विपक्ष पर जमकर बरसे जेपी नड्डा
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसके पास नेता हैं, नीति है, नियत है, कार्यक्रम है और कार्यकर्ता और वातावरण है। देश में बाकी सभी राजनीतिक दलों के पास अगर नेता है तो नियत नहीं है, नियत है तो नीति नहीं है, नीति है तो कार्यक्रम नहीं है और अगर कार्यक्रम है तो कार्यकर्ता नहीं है। नरेन्द्र मोदी जी के आने से परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद, सम्प्रदायवाद, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को हराते हुए हमने विकासवाद को आगे बढ़ाया है।
भाजपा अध्यक्ष ने की पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील
इस दौरान जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील भी की। उन्होंने कहा आपको घर-घर जाकर जनसंपर्क करना है और जिस जिस घर जाएं वहां वहां स्टिकर लगाएं। जिससे पता चले कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता यहां आया था। उस घर के सदस्यों से बात करनी है और उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। हमें हर बूथ पर जाकर पता लगाना है कि पीएम आवास योजना लागू हुई है या नहीं। हमें इसे हर केंद्रीय योजना के साथ करना होगा। हमें उन्हें बताना होगा, यह पीएम हैं, जिन्होंने उनकी बेहतरी के लिए ऐसा किया है। उन्होंने आगे कहा हर कार्यकर्ता के घर पर भाजपा का झंडा लगना चाहिए। हमारा अस्तित्व बिना कमल के निशान के नहीं है। कमल है तो हम हैं, कमल है तो पार्टी है, कमल है तो विचारधारा है।
सामुहिक तौर पर सुनना है मन की बात कार्यक्रम- जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि हमें हर महीने अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री जी की मन की बात जिसका प्रसारण सुबह 11 बजे होता है। हमारे हर बूथ पर सामुहिक तौर पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर मन की बात को सुनना है। हमें हर बूथ पर बैठक लेनी है और उस बूथ की बैठक में हमें चर्चा करनी है कि वहां की समस्याएं क्या हैं। वहां पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से किन गरीब लोगों को अन्न मिल रहा है, उससे उसके जीवन में क्या फर्क आया है।
Discover more from Noida Views
Subscribe to get the latest posts sent to your email.