धड़ल्ले से चल रहा गांजा तस्करी का खेल, भीख मांगने वाले भी नशे के कारोबार में लिप्त; 3 महिलाएं गिरफ्तार

नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के द्वारा नवादा गोलचक्कर के आस-पास रात के साथ ही दिन में भी गांजा बेचा जाता था। महिलाओं के पास से पुलिस ने एक किलो 550 ग्राम गांजा भी बरामद किया है। पुलिस को मुख्य गांजा तस्कर की तलाश है।
जिले में गांजे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। धंधा करने वाले आरोपितों के द्वारा विभिन्न स्थानों से गांजा लाकर सप्लाई किया जाता है। चाय, पान मसाला, भीख मांगने वालों से गांजे की बिक्री कराई जाती है। नवादा गोलचक्कर पर पिछले लंबे समय से महिलाओं के द्वारा यह काम किया जा रहा था। किसी व्यक्ति ने गांजा बेचने वाली महिलाओं का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया था।
साथ ही मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से भी की थी। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर दबिश दी। मौके से तीन महिलाओं विमलेश, अनीता व रिंकी को गिरफ्तार किया। तीनों महिलाएं नवादा गांव के एक मकान में किराए पर रहती थीं। महिलाओं के द्वारा छोटी-छोटी पुड़िया में गांजा बेजा जाता था। पुलिस का कहना है कि गांजा की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपित के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपित को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment