Surajkund Jhula accident: ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर की मौत, परिजनों को ₹1 करोड़ मुआवजा और नौकरी
- sakshi choudhary
- 08 Feb, 2026
फरीदाबाद के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेला परिसर में लगे नावनुमा ‘सुनामी’ झूले के अचानक टूटकर गिरने से ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। हादसे के समय झूले पर 15 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शाम करीब सवा छह बजे झूला ग्राउंड में हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल झूला परिसर को बंद कर दिया।
हादसे के बाद हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। DGP ने विभागीय पॉलिसी के तहत मृतक इंस्पेक्टर के परिजनों को ₹1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश हादसे के दौरान लोगों को बचाने में जुटे हुए थे, इसी दौरान उन्होंने अपनी जान गंवा दी।
हादसे में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। 9 घायलों को चार्मवुड विलेज स्थित सुप्रीम अस्पताल और 4 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात तक इमरजेंसी में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मेला परिसर और अस्पताल पहुंचकर घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और झूला संचालन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।