Greater Noida: 18 घंटे में दबोचा चोर, ग्रेटर नोएडा में ज्वेलरी शॉप में चोरी, पुलिस से मुठभेड़ में लगी गोली
- sakshi choudhary
- 29 Oct, 2024
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने एक ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाले आरोपी को 18 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान शिवा उर्फ पवन के रूप में हुई है, जो डडुआ खुर्द गांव का निवासी है और वर्तमान में डेरिन गांव में किराए पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात दुर्गा ज्वेलर्स नाम की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 30 हजार रुपये की चांदी की दो जोड़ी पायल और सोने की बाली चुरा ली थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सोमवार रात एक युवक को स्पोर्ट्स साइकिल पर संदिग्ध अवस्था में देखा। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को पैर में गोली लग गई। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।