Noida: 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
- sakshi choudhary
- 25 Oct, 2024
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा यूनिट ने बृहस्पतिवार को पटना के कुख्यात गिरोह के 25 हजार के इनामी बदमाश फजल उर्फ किट्टू को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नौबतपुर गांव, पटना, बिहार के निवासी के रूप में हुई है। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को ग्रेटर नोएडा के आई ब्लॉक, बीटा-2 स्थित मदर डेरी के पास पकड़ा गया।
फजल पिछले दो माह से एक संगीन मामले में फरार था। वह कुख्यात अपराधी उज्ज्वल के गिरोह से जुड़ा हुआ था, जो रंगदारी मांगने के लिए जाना जाता है। उज्ज्वल वर्तमान में पटना की बेउर जेल में बंद है। फजल ने पहले भी पटना में रंगदारी मांगने के मामले में गोलीबारी की थी। जेल से छूटने के बाद, वह 2023 में ग्रेटर नोएडा आकर छिपा रहा। हाल ही में, एक विवाद में उसने अपने मामा के साथ मिलकर गांव के मुखिया पर गोली चलाई, जिसके बाद वह फिर से वांछित हो गया था। एसटीएफ की कार्रवाई से स्थानीय जनता में सुरक्षा का माहौल बना है।