Supertech: सुपरटेक खरीदारों का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, मांगें पूरी करने की अपील
- sakshi choudhary
- 07 Oct, 2024
दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार को सुपरटेक के हजारों खरीदारों ने घर की मांग को लेकर एक बड़ा प्रदर्शन किया। खरीदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें वर्षों बीत जाने के बाद भी अपने घर नहीं मिले हैं। यूनाइटेड होमबायर्स संगठन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल खरीदारों ने सुपरटेक लिमिटेड की 14 परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया।
प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने सुपरटेक की फॉरेंसिक ऑडिट, बिल्डर की गिरफ्तारी और घर खरीदारों की लागत में वृद्धि रोकने की मांग की। उन्होंने अपनी आवाज को प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, वित्त मंत्री, मुख्य न्यायाधीश और संबंधित राज्य के मुख्यमंत्रियों तक पहुंचाया। इस बीच, प्रदर्शन में शामिल महेंद्र कुमार महिंद्रा पर रास्ते में कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। खरीदारों ने बताया कि वे अपने फ्लैट की 95 प्रतिशत कीमत चुका चुके हैं, फिर भी उन्हें घर नहीं मिला है।