Greater Noida: स्ट्रीट लाइट की समस्या पर कड़े निर्देश जारी, प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने उठाए सख्त कदम।
- sakshi choudhary
- 04 Oct, 2024
ग्रेटर नोएडा। दिव्यांशु ठाकुर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रेरणा सिंह ने स्ट्रीट लाइट की खराबी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्ट्रीट लाइट की खराबी की शिकायत मिलने पर उसे 24 घंटों के भीतर ठीक किया जाना चाहिए। इस मामले में विद्युत अभियांत्रिकी टीम को शाम को क्षेत्र का दौरा करने का आदेश दिया गया है।
यह निर्णय मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देशों के बाद लिया गया है। एसीईओ ने गुरुवार को एक बैठक में ओएसडी अभिषेक पाठक, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग, सूर्या कंपनी और एनपीसीएल के प्रतिनिधियों के साथ स्ट्रीट लाइट की शिकायतों के निपटारे में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने सूर्या कंपनी को भी निर्देश दिया कि निर्धारित समय में मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए। एसीईओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करने और फील्ड स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया। 24 घंटे की समय सीमा का उल्लंघन लापरवाही माना जाएगा और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।