नोएडा एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया, शिविरों और मार्गों का लिया जायजा
- sakshi choudhary
- 30 Jul, 2024
नोएडा। दिव्यांशु ठाकुर
एडीसीपी नोएडा श्री मनीष कुमार मिश्र ने कांवड़ शोभा यात्रा को सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से नोएडा जोन के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर, शनि मंदिर, कांवड़ शिविर, डीएनडी शिविर, ओखला पक्षी विहार रूट, कालिंदी कुंज पुल एवं बॉर्डर, सेक्टर-126, सेक्टर-113, पर्थला और फेस-1 क्षेत्रों का दौरा किया और कांवड़ियों से मुलाकात की।

मिश्र ने कांवड़ मार्ग और शिविरों का निरीक्षण करते हुए शिविरों में साफ-सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ शिविरों में विश्राम कर रहे और यात्रा पर निकले शिव भक्तों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और उन्हें यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके अतिरिक्त, ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पीसीआर और पीआरवी वाहनों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए।