काव्य कॉर्नर फाउंडेशन का आठवां वार्षिकोत्सव भव्यता के साथ संपन्न
- sakshi choudhary
- 28 Jan, 2025
ग्रेटर नोएडा स्थित ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल में काव्य कॉर्नर फाउंडेशन का आठवां वार्षिकोत्सव बड़े ही भव्य और यादगार अंदाज में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की शोभा 100 से अधिक छात्रों द्वारा प्रस्तुत भव्य कला प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, और समाज हित में आयोजित चिकित्सीय वार्ता ने बढ़ाई। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध साहित्यकारों ने काव्य पाठ किया, और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं व प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतेंद्र सिसोदिया (क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश) और गजेंद्र सिंह मावी (जिलाध्यक्ष, गौतमबुद्धनगर, भाजपा) थे। अध्यक्षता प्रसिद्ध कवि व लेखक लक्ष्मी शंकर बाजपेयी ने की। आयोजन का संचालन संस्थापिका डॉ. पूजा सिंह गंगानिया ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कला प्रदर्शनी रही, जिसमें छात्रों की अद्भुत कलाकृतियों ने सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नृत्य व गायन ने समां बांधा। इस अवसर पर डॉ. कुंवर बेचैन साहित्य साधक स्मृति सम्मान-2025 से लक्ष्मी शंकर बाजपेयी को उनके साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।