प्रेम संबंध में विवाद बना हत्या का कारण, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
- sakshi choudhary
- 27 Jan, 2025
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में 26 जनवरी को पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह मामला 24 जनवरी को उस समय सामने आया जब एक पिता ने अपने बेटे मोनू की गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई।
पुलिस की जांच में पता चला कि 23 जनवरी को मोनू अपने दोस्त और पड़ोसी के साथ सिकंद्राबाद-हापुड़ के लिए निकला था। पूछताछ और जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मोनू की हत्या प्रेम संबंधों में विवाद के चलते की गई थी। बीरमपुर और नगला हांडा के बीच मोनू को गोली मार दी गई और उसके शव को सीवर टैंक में फेंक दिया गया।
पुलिस ने शव को बरामद कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों- अंकित, प्रिंस और जतिन को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार, पिस्टल, तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। फिलहाल, एक अन्य आरोपी आकाश फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।