नोएडा: रेव पार्टी में सांप के ज़हर की आपूर्ति मामले में बड़ा खुलासा, यूट्यूबर एल्विश यादव पर गवाह को धमकाने के आरोप
- sakshi choudhary
- 25 Jan, 2025
नोएडा में 2023 में हुई रेव पार्टी के दौरान सांप के ज़हर की आपूर्ति के मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। इस केस में मुख्य गवाह सौरभ गुप्ता ने यूट्यूबर एल्विश यादव और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सौरभ गुप्ता के भाई गौरव गुप्ता ने सेक्टर-49 थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी में नशे के लिए सांप के ज़हर की आपूर्ति की गई। इस मामले में सौरभ ने आरोप लगाया है कि एल्विश यादव उन्हें झूठे मामलों में फंसाने या दुर्घटना के जरिए नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं।
10 मई 2024 को, सौरभ ने आरोप लगाया कि एल्विश यादव और उनके समर्थक गाड़ियों के काफिले के साथ राजनगर एक्सटेंशन स्थित उनकी सोसायटी में पहुंचे। हालांकि, इस घटना पर नंदग्राम पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। सौरभ के वकील पंडित प्रेम प्रकाश मिश्रा ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दायर किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-तीन ने मामले की सुनवाई करते हुए पुलिस को आदेश दिया कि यूट्यूबर एल्विश यादव और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जाए।