नोएडा: सराय एक्ट के तहत पंजीकरण न कराने वाले होटलों पर कार्रवाई तेज
- sakshi choudhary
- 14 Jan, 2025
नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने सराय एक्ट के तहत पंजीकरण न कराने वाले होटलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर अब तक 300 से अधिक होटलों की जांच पूरी की जा चुकी है, जिसमें 50 से अधिक होटल अपंजीकृत पाए गए हैं। इस अभियान को और तेज़ी से चलाया जा रहा है, ताकि सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
जांच में पाया गया है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में करीब 500 से अधिक छोटे-बड़े होटल संचालित हो रहे हैं। इनमें से कई होटल किसी ब्रांड के नाम पर बिना अनुमति के काम कर रहे हैं। डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी को इस जांच अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनकी देखरेख में पुलिस टीमों ने होटलों की जांच की, जिसमें कई बड़ी होटल चेन द्वारा नियमों का उल्लंघन पाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण और ब्रांड अनुमति के होटलों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह कदम शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और होटलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।