अधूरी निर्माणाधीन मूर्ति गोल चक्कर बना जाम का कारण
- sakshi choudhary
- 14 Jan, 2025
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक मूर्ति गोल चक्कर को छोटा करने का कार्य दो माह बाद भी अधूरा पड़ा है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। निर्माण कार्य की धीमी गति स्थानीय निवासियों और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। इस संबंध में प्राधिकरण को कई पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन कार्य में किसी प्रकार की तेजी नहीं आ रही।
शाहबेरी गोल चक्कर को छोटा करने का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। नवंबर माह में एक मूर्ति गोल चक्कर को छोटा करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत दोनों तरफ से 10-10 मीटर मिट्टी काटकर क्षेत्र को छोटा किया जा रहा है। इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया। लेकिन निर्माण कार्य पर ग्रेप-4 के लागू होने के कारण प्राधिकरण इसे समय पर पूरा कराने में असफल रहा है।
सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव अधिक होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों ने भी कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए प्राधिकरण को पत्र लिखा है। लेकिन काम अब भी अधर में लटका हुआ है। स्थानीय लोग जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।