ग्रेटर नोएडा की पहचान होगी खास, छह प्रमुख स्थानों पर बनेंगे भव्य प्रवेश द्वार
- sakshi choudhary
- 04 Jan, 2025
ग्रेटर नोएडा अपनी अलग पहचान और अनूठे अनुभव के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर की सीमाओं को भव्य प्रवेश द्वारों से सजाने की योजना बनाई है। गाजियाबाद और नोएडा से ग्रेटर नोएडा आने वाले लोगों को इन द्वारों के माध्यम से एक अलग और यादगार अहसास होगा।
प्राधिकरण ने नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ने वाली छह प्रमुख सड़कों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इन प्रवेश द्वारों के डिजाइन और निर्माण के लिए देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके तहत कुलेसरा, गौड़ चौक से ग्रेनो को जोड़ने वाली सड़क, छपरौला, कासना रोड, दादरी कट, और शाहबेरी के पास भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।
शाहबेरी में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। इन द्वारों को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए प्राधिकरण ने अपने इलेक्ट्रिक विभाग से लाइटिंग और सजावट के सुझाव मांगे हैं। प्राधिकरण ने अन्य शहरों में बने प्रवेश द्वारों का अध्ययन कर इनकी डिजाइन तैयार करने की योजना बनाई है।