Supertech केस में पूर्व आईएएस मोहिंदर सिंह पर शिकंजा, विजिलेंस ने किया तलब
- sakshi choudhary
- 22 Dec, 2024
Supertech ट्विन टावर मामले में पूर्व आईएएस मोहिंदर सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। विजिलेंस विभाग ने उन्हें स्मारक घोटाले और सुपरटेक घोटाले में संलिप्तता को लेकर अगले सप्ताह पूछताछ के लिए तलब किया है। सुपरटेक मामले में सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद गठित एसआईटी ने जांच की थी। एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर अक्टूबर 2021 में एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें नोएडा अथॉरिटी के पूर्व सीईओ मोहिंदर सिंह और सुपरटेक अधिकारियों पर अवैध निर्माण में मिलीभगत के आरोप लगाए गए।
एफआईआर में आरोप लगाया गया कि नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने बिल्डर को अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए नियमों का उल्लंघन किया और Supertech की खामियों को नजरअंदाज किया। स्मारक घोटाले और हैसिंडा आवंटन घोटाले के बाद मोहिंदर सिंह पर यह तीसरा मामला है, जिसमें उन पर कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। विजिलेंस की आगामी पूछताछ में उनकी भूमिका की गहन जांच की जाएगी। इस मामले में मोहिंदर सिंह की संलिप्तता ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को उजागर किया है।