ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जल संकट, 20 हजार लोग प्रभावित
- sakshi choudhary
- 19 Dec, 2024
सुपरटेक इको विलेज 2 सोसाइटी के निवासियों को बुधवार को जल संकट का सामना करना पड़ा। प्राधिकरण के पंप हाउस की मोटर में खराबी के कारण सुबह से जलापूर्ति बाधित रही, जिससे 23 टावरों में रहने वाले करीब 20 हजार लोग प्रभावित हुए। सोसाइटी के निवासी राजकुमार ने बताया कि समस्या सुबह से शुरू हुई, जब कई टावरों में पानी पूरी तरह से बंद हो गया। कुछ टावरों में पानी का प्रेशर इतना कम था कि वह पर्याप्त नहीं था। निवासियों ने प्राधिकरण से शिकायत की तो पता चला कि पंप हाउस की मोटर खराब हो गई है।
निवासियों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण की यह लापरवाही नई नहीं है। पंप हाउस की मोटर बार-बार खराब होने से लोग परेशान हैं। सात से आठ टावरों में पानी बिल्कुल नहीं पहुंच रहा है, जबकि बाकी टावरों में प्रबंधन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की गई, जो पर्याप्त नहीं है। पानी की समस्या ने निवासियों के दैनिक कार्यों को बाधित कर दिया है। बुधवार शाम तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। निवासियों ने जल्द से जल्द मोटर की मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग की है।