Greater Noida: ग्रेटर नोएडा स्कूल में प्रधानाचार्य पर छात्रा से बदसलूकी का आरोप, परिजनों ने की शिकायत
- sakshi choudhary
- 13 Nov, 2024
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा ने प्रधानाचार्य पर एक माह से शारीरिक उत्पीड़न और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि प्रधानाचार्य उसे अनुचित तरीके से छूते थे और विरोध करने पर नाम काटने की धमकी देते थे। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन मंगलवार को विरोध जताने स्कूल पहुंचे, लेकिन प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षकों ने मिलकर कथित तौर पर परिजनों की पिटाई कर दी, जिसके बाद स्कूल परिसर में हंगामा मच गया।
पुलिस में दर्ज शिकायत में प्रधानाचार्य समेत स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दूसरी ओर, प्रधानाचार्य ने छात्रा पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए बताया कि वह अक्सर स्कूल यूनिफॉर्म में नहीं आती थी और पढ़ाई में लापरवाही बरतती थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और हर पहलू की गहराई से जांच का आश्वासन दिया है। इस मामले के बाद स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं, क्योंकि यह घटना नोएडा में हाल ही में स्कूलों में बढ़ती छेड़छाड़ घटनाओं में एक और कड़ी है।