यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 77, 007 पौधों का रोपण, स्कूली बच्चों ने भी लिया हिस्सा
- sakshi choudhary
- 12 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार वृक्षारोपण अभियान 2026 के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम के साथ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व और निर्देशन में उद्यान विभाग द्वारा इस अभियान का संचालन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया और राजेश कुमार ने सेक्टर-22 ई की 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर महाप्रबंधक परियोजना राजेन्द्र सिंह भाटी, डॉ. आरती सिंह, सहायक निदेशक उद्यान सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संदेश दिया।