ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 औद्योगिक क्षेत्र में वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली है। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की पहल पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने क्षेत्र में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सेवा का शुभारंभ कर विकास कार्यों को नई गति दी है। IBA द्वारा क्षेत्र में सफाई, ड्रेनेज, सड़कों की बदहाल स्थिति, अतिक्रमण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस. को विस्तृत पत्र भेजा गया था। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए, जिसके बाद एजीएम आर. डी. पांडे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय और अन्य प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं की जानकारी दी तथा समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इसी क्रम में इकोटेक-3 के बाद अब उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 में भी डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सेवा शुरू की गई, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) चेतराम सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों के भीतर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सफाई अभियान, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज सुधार और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही वर्क सर्किल द्वारा सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा, जबकि हॉर्टिकल्चर विभाग हरित पट्टी विकसित करेगा और विद्युत विभाग स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाएगा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि उद्योग विहार एक्सटेंशन में चरणबद्ध तरीके से श्रमिक सुविधा केंद्र, सार्वजनिक शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। प्राधिकरण का उद्देश्य इस औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करना है, जिससे यहां कार्यरत उद्यमियों और श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी. और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस. के नेतृत्व में की जा रही त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि प्राधिकरण की सक्रिय कार्यशैली से उद्यमियों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी. ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य प्रत्येक औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इकोटेक-1, इकोटेक-2, इकोटेक-6, इकोटेक-11, उद्योग विहार, सेक्टर-130 सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन और आधारभूत विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। वहीं, श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस. ने कहा कि सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। IBA ने प्राधिकरण की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन प्रयासों से ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता, आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा तथा शहर देश के सबसे व्यवस्थित औद्योगिक नगरों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।