Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● यूपी में पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण, मिलेगा लाभ ● यूपी में पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण, परिवहन और कारागार विभाग की भर्ती में मिलेगा लाभ ● ग्रेटर नोएडा की 100 से अधिक सोसायटियों का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट, जल्द जारी होंगे नोटिस ● ग्रेटर नोएडा: विकास और रोजगार की नई राह खुलेगी, 7 गांवों में किसानों से संवाद ● ग्रेटर नोएडा में बिजली समस्याओं पर RWA की बैठक, NPCL ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन ● UP Teacher Vacancy 2026: यूपी में 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती शुरू, जानें आवेदन और परीक्षा की तारीख ● ग्रेटर नोएडा: प्राधिकरण अधिकारियों के साथ RWA की बैठक, समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन ● ग्रेटर नोएडा में तीन नए सब-रजिस्ट्रार की तैनाती, दादरी-गामा-2 और जेवर की जिम्मेदारी बदली ● BRICS Summit: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान, हजारों वाहनों की जांच और सैकड़ों पर कार्रवाई ● ग्रेटर नोएडा में चैंबर निर्माण को लेकर वकीलों का हंगामा, शिलापट तोड़ा और सामान बाहर फेंका

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नई पहल: अब सेक्टरों में पहुंचकर मौके पर सुनी जाएंगी निवासियों की समस्याएं

ग्रेटर नोएडा के रिहायशी सेक्टरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक नई पहल शुरू की है।
top-news

ग्रेटर नोएडा के रिहायशी सेक्टरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक नई पहल शुरू की है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब विभागीय टीमें सीधे सेक्टरों में जाकर निवासियों की शिकायतें सुनेंगी और उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करेंगी। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को सेक्टर अल्फा वन से हुई, जहां परियोजना, स्वास्थ्य, उद्यान, विद्युत अभियांत्रिकी और जल-सीवर विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। एसीईओ लक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उनका भ्रमण कार्यक्रम तय किया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सेक्टरों में मिलने वाली समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।


मंगलवार को परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर अल्फा वन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, राजीव कुमार, विनोद शर्मा, सहायक निदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सेक्टर अल्फा वन आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष शेर सिंह भाटी और उनकी टीम ने भी अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर घरों के बाहर निर्माण सामग्री और मलबा पड़ा हुआ है, जबकि पीजी के आसपास कूड़ा बिखरा होने से स्वच्छता प्रभावित हो रही है। इस पर अधिकारियों ने पीजी संचालकों को तत्काल नोटिस जारी करने, मलबा हटाने और उसका खर्च संबंधित मकान मालिक से वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे कूड़ा केवल कूड़ा संग्रहण वाहन में ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों की सूचना प्राधिकरण को दें, ताकि उनके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान सेक्टरवासियों ने जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल बदलने, पार्कों के बेहतर रखरखाव, रोड मार्किंग कराने, स्पीड ब्रेकर बनाने और मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें भी अधिकारियों के सामने रखीं। प्राधिकरण की टीम ने इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का आश्वासन दिया। निवासियों ने भी प्राधिकरण की इस नई पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि अधिकारी नियमित रूप से सेक्टरों का दौरा करेंगे तो स्थानीय समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का यह अभियान आने वाले दिनों में शहर के अन्य रिहायशी सेक्टरों में भी जारी रहेगा, जिससे नागरिक सुविधाओं में सुधार और स्वच्छ, सुरक्षित तथा सुव्यवस्थित शहर के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।