ग्रेटर नोएडा की 40 सोसाइटियों में लगेंगे विशेष प्लास्टिक बिन, प्लास्टिक वेस्ट के लिए शुरू हुई नई पहल
- sakshi choudhary
- 24 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और पॉलीथीन मुक्त शहर बनाने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने किया इंडिया (सीएसआर) और आईपीसीए के सहयोग से डेवलप रिस्पोंसबिल आउटलुक फॉर प्लास्टिक (डीआरओपी) योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत शहर की आवासीय सोसाइटियों में प्लास्टिक और पॉलीथीन कचरे को अलग से एकत्र करने के लिए विशेष प्लास्टिक बिन लगाए जाएंगे। पहले चरण में 40 ऐसी सोसाइटियों का चयन किया गया है, जो बल्क वेस्ट जेनरेटर की श्रेणी में आती हैं। इन सोसाइटियों से एकत्र होने वाले प्लास्टिक कचरे को प्रतिदिन एक विशेष वाहन के माध्यम से प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जहां उसका वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण किया जाएगा। योजना का शुभारंभ शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह और सहायक प्रबंधक गौरव बघेल ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस पहल का उद्देश्य शहर में प्लास्टिक कचरे का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।