ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर सख्ती, निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन और ग्रीन शीट अनिवार्य
- sakshi choudhary
- 28 Sep, 2026
ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने निर्माण स्थलों, सड़कों और कूड़ा प्रबंधन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए परियोजना, उद्यान और स्वास्थ्य विभाग को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए कहा गया है। प्राधिकरण के मुताबिक सड़कों, रोड साइड पटरी, पाथ-वे और सेंट्रल वर्ज पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा। सड़कों की मैकेनिकल स्वीपिंग के जरिए सफाई की जाएगी, ताकि धूल के कण हवा में न फैलें। निर्माणाधीन साइटों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त संख्या में एंटी-स्मॉग गन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण सामग्री और निर्माणाधीन भवनों को ग्रीन शीट से ढकना और लगातार पानी का छिड़काव करना अनिवार्य किया गया है। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि सीएक्यूएम के निर्देशों के अनुसार सड़कों और रोड साइड पटरी की धुलाई संबंधित सिविल वर्क सर्किल तथा सेंट्रल वर्ज और पेड़ों की धुलाई उद्यान विभाग द्वारा कराई जाएगी।