शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के 24 घंटे के हैकाथॉन ‘सस्टेन-ए-थॉन 2.0’ का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में देशभर के 48 से अधिक विश्वविद्यालयों की 70 से ज्यादा टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के बीच तकनीकी नवाचार, उद्यमिता और समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना था। शारदा स्कूल ऑफ कंप्यूटिंग साइंस एंड इंजीनियरिंग के कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग की ओर से आयोजित इस हैकाथॉन में छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हेल्थटेक, साइबर सिक्योरिटी, फिनटेक और स्मार्ट सिटी जैसे क्षेत्रों में नए तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में सामने आए 10 से अधिक संभावनाशील विचारों को सहयोगी संगठनों के माध्यम से इनक्यूबेशन सपोर्ट मिल सकता है। इससे छात्रों को अपने प्रोटोटाइप को बेहतर बनाने और उन्हें स्टार्टअप या व्यावसायिक मॉडल में बदलने का अवसर मिल सकता है।
शारदा यूनिवर्सिटी की टीम वात्सल्य ने जीता पहला स्थान
‘आइडिएट, इनोवेट, इम्पैक्ट’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता में शारदा यूनिवर्सिटी की टीम वात्सल्य ने पहला स्थान हासिल किया। टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर विमेन की टीम वेलोरा दूसरे स्थान पर रही और उसे 30 हजार रुपये मिले। वहीं, शारदा यूनिवर्सिटी की टीम एजेंटिक लैब ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए 20 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। प्रतियोगिता में छात्रों ने वास्तविक समस्याओं पर आधारित अपने प्रोजेक्ट और तकनीकी समाधान विशेषज्ञों की जूरी के सामने पेश किए। शिक्षाविदों और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स ने प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शन और व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
AI से लेकर स्मार्ट सिटी तक सात श्रेणियों में नवाचार
हैकाथॉन में सात प्रमुख श्रेणियां रखी गई थीं, जिनमें AI और डेटा साइंस, मेडटेक एवं हेल्थटेक, स्मार्ट सिटी और शहरी विकास, साइबर सिक्योरिटी, कृषि एवं ग्रामीण विकास, ब्लॉकचेन एवं फिनटेक और ओपन इनोवेशन शामिल थे। श्रेणीवार विजेताओं में शारदा यूनिवर्सिटी की टीम कृषिवीर ने कृषि एवं ग्रामीण विकास, टीम फेरोक्स ने AI और डेटा साइंस तथा टीम मेडिसोल ने हेल्थटेक श्रेणी में जीत हासिल की। ब्लॉकचेन एवं फिनटेक में गलगोटियास कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की टीम एपेक्स एल्गोरिदम, साइबर सिक्योरिटी में मानव रचना यूनिवर्सिटी की टीम केओस और स्मार्ट सिटी श्रेणी में एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा की टीम जलएक्स विजेता रही। ओपन इनोवेशन श्रेणी में जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट की टीम एपेक्स ने जीत दर्ज की।
छात्रों को स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर देने की पहल
शारदा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) सिबराम खारा ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में नवाचार, सहयोग और उद्यमिता की सोच को मजबूत करते हैं। हैकाथॉन छात्रों को अपने विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने और उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के आयोजन में प्रो. (डॉ.) गीता गणेशन, प्रो. (डॉ.) बत्री कृष्णन और प्रो. (डॉ.) सुदीप वार्ष्णेय सहित संचालन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. रजनीश कुमार सिंह और प्रो. (डॉ.) जयंत शेखर कार्यक्रम के संयोजक रहे। इस आयोजन से छात्रों को तकनीकी कौशल विकसित करने, उद्योगों की जरूरतों को समझने और भविष्य में अपने नवाचारों को स्टार्टअप में बदलने की दिशा में आगे बढ़ने का मंच मिला।