Greater Noida News: प्राधिकरण में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 वरिष्ठ प्रबंधकों के विभाग बदले; जानें किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी
- sakshi choudhary
- 31 Oct, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से छह वरिष्ठ प्रबंधकों एवं प्रबंधकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) की ओर से जारी कार्यालय आदेश के तहत अधिकारियों को नए विभागों और वर्क सर्किल की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फेरबदल में सिविल, जल, स्वास्थ्य, सीवर, उद्यान, एस्टेट, तकनीकी और अन्य महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।
राजीव कुमार और प्रदीप कुमार को मिली बड़ी जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार, वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) राजीव कुमार को तकनीकी विभाग के वर्क सर्किल-5, 6, 7 और 8 की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य, जल, अर्बन सर्विसेज, कार्मिक, विधि विभाग और वर्क सर्किल-ड्रेन का कार्यभार भी सौंपा गया है।
वहीं वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) प्रदीप कुमार को वर्क सर्किल-ड्रेन के साथ तकनीकी विभाग के वर्क सर्किल-1, 2, 3 और 4 की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा उनके कार्यक्षेत्र में सीवर विभाग, उद्यान विभाग, सिस्टम विभाग, एस्टेट विभाग और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को भी शामिल किया गया है।
राजेश कुमार और नागेंद्र सिंह के कार्यक्षेत्र में बदलाव
प्रबंधक (सिविल) राजेश कुमार को जल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में गोशाला और डॉग से संबंधित कार्यों के लिए प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक स्तर की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
दूसरी ओर वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) नागेंद्र सिंह को वर्क सर्किल-07 और 08 में प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक का दायित्व दिया गया है। इन दोनों वर्क सर्किल में होने वाले कार्यों की जिम्मेदारी अब वह संभालेंगे।
राजेश कुमार निम और विनोद कुमार को भी नई जिम्मेदारी
प्रबंधक (सिविल) राजेश कुमार निम को वर्क सर्किल-04 और जल विभाग में प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक का कार्य सौंपा गया है। वहीं प्रबंधक (सिविल) विनोद कुमार को वर्क सर्किल-05 और स्वास्थ्य विभाग में प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यालय आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अन्य वरिष्ठ प्रबंधकों और प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधकों के पास पहले से मौजूद कार्यभार पहले की तरह जारी रहेगा। प्राधिकरण के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब संबंधित विभागों और वर्क सर्किल में कामकाज की जिम्मेदारियां नए सिरे से निर्धारित हो गई हैं।