Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING
NEWS
● यूपी में PDA की काट के लिए BJP की नई रणनीति, पश्चिम क्षेत्र की कमान गुर्जर नेता नवाब सिंह नागर को
● दिल्ली से खुर्जा तक दौड़ सकती है नमो भारत ट्रेन, दादरी और दनकौर को जोड़ने की मांग
● Greater Noida News: 77.66 करोड़ रुपये के RERA बकाये पर तीन बिल्डर डायरेक्टर गिरफ्तार, 15 दिन के लिए जेल भेजे गए
● दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड, दिवाली से पहले ही जहरीली हुई हवा
● महंगाई का एक और झटका! मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से 4 रुपये तक महंगा मिलेगा दूध
● ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण के चलते कक्षा 5 तक के स्कूल हाइब्रिड मोड में चलेंगे, बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किए निर्देश
● ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भगवान चित्रगुप्त का तृतीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया, श्रद्धालुओं को प्रसाद में बांटी गई कलम
● ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को मंजूरी मिलने पर विकास समिति ने जताई खुशी, बोली- अब आश्वासन नहीं, धरातल पर काम चाहिए
● यूपी: सीएम योगी ने 1,146 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, 4,300 किसान परिवारों को मिले 215 करोड़ रुपये
● दिल्ली में शुरू हुई यमुना क्रूज सेवा, 500 रुपये में मिलेगा 40 मिनट का सफर
दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड, दिवाली से पहले ही जहरीली हुई हवा
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की समस्या इस बार सर्दियों की शुरुआत से पहले ही गंभीर हो गई है।
- sakshi choudhary
- 12 Nov, 2026
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की समस्या इस बार सर्दियों की शुरुआत से पहले ही गंभीर हो गई है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली से पहले के सप्ताह में दिल्ली का औसत PM2.5 स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह 2025 की समान अवधि के मुकाबले लगभग दोगुना और 2024 की तुलना में करीब एक-तिहाई अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार सर्दियों की शुरुआत पिछले तीन वर्षों के मुकाबले अधिक प्रदूषित रही। इससे साफ है कि दिल्ली-एनसीआर में खराब हवा के लिए केवल पराली जलाने और पटाखों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, बल्कि सालभर होने वाला प्रदूषण भी बड़ी वजह है।
दिल्ली की हवा में 54 फीसदी प्रदूषण पड़ोसी एनसीआर जिलों से
सीएसई ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB), भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम और यातायात से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया। रिपोर्ट के अनुसार, 1 से 8 नवंबर के बीच दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पड़ोसी एनसीआर जिलों की औसत हिस्सेदारी करीब 54 फीसदी रही। वहीं, दिल्ली के स्थानीय स्रोतों का योगदान लगभग 33 फीसदी और पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी करीब 14 फीसदी रही। दिल्ली के भीतर वाहनों से सबसे ज्यादा प्रदूषण हुआ। स्थानीय प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 52 फीसदी दर्ज की गई। इसके अलावा आवासीय गतिविधियों का योगदान 13 फीसदी, उद्योगों का 11 फीसदी और निर्माण गतिविधियों का सात फीसदी रहा। ऊर्जा के इस्तेमाल और कचरा जलाने से पांच-पांच फीसदी, जबकि सड़क की धूल और अन्य स्रोतों से चार-चार फीसदी प्रदूषण दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार
प्रदूषण से राहत के संकेत नहीं मिल रहे हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 54 निगरानी केंद्रों में से 27 पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 या उससे अधिक दर्ज किया गया। इनमें 10 केंद्रों पर AQI 350 से ऊपर रहा, जबकि एक केंद्र पर यह 400 के पार पहुंच गया। दिल्ली का समग्र AQI 282 दर्ज किया गया और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) केंद्र पर सबसे अधिक 410 का स्तर रिकॉर्ड हुआ। सीएसई की कार्यकारी निदेशक अनामिका रॉय चौधरी के अनुसार, वाहनों, उद्योगों, निर्माण और दूसरे प्रमुख स्रोतों पर पूरे साल प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से प्रदूषण की समस्या लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि पराली और पटाखों का धुआं सर्दियों में प्रदूषण को अचानक बढ़ा सकता है, लेकिन इसकी जड़ में सालभर होने वाला उत्सर्जन भी है।
कृत्रिम बारिश पर समय सीमा तय नहीं, प्रदूषण को लेकर सियासत भी तेज
प्रदूषण कम करने के लिए कृत्रिम बारिश कराने की योजना पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि क्लाउड सीडिंग के ट्रायल IIT कानपुर की ओर से किए जा रहे हैं और यह संस्थान के शोध का हिस्सा है। हालांकि, इसके लिए कोई निश्चित समय सीमा नहीं बताई गई है। दूसरी ओर, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अधिकारियों से मुलाकात कर प्रदूषण के आंकड़ों और निगरानी केंद्रों पर पानी छिड़कने की प्रक्रिया को लेकर शिकायत की। आयोग की ओर से जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती हवा ने एक बार फिर प्रदूषण नियंत्रण के लिए पूरे साल प्रभावी कदम उठाने की जरूरत सामने रखी है।