ग्रेटर नोएडा में सुबह-सुबह चला प्राधिकरण का बुलडोजर, सहारा समतल में 3 एकड़ जमीन कब्जामुक्त
- sakshi choudhary
- 23 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह छपरौला के सहारा समतल इलाके में प्राधिकरण की टीम बुलडोजर और पुलिस बल के साथ पहुंची और अवैध रूप से बनाए गए मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में लगभग 3 एकड़ यानी 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के मुताबिक, इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये है।
सुबह 6:30 बजे पहुंची टीम, विरोध के बावजूद हटाया अतिक्रमण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे परियोजना विभाग की टीम जेसीबी और डंपर लेकर सहारा समतल पहुंची। सुबह 9:30 बजे तक चली कार्रवाई में अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को गिरा दिया गया। इसके अलावा जमीन पर कब्जा करने के इरादे से बनाई गई बाउंड्री वॉल भी तोड़ दी गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की। इस अभियान में प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक परियोजना विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार और सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बादलपुर कोतवाली पुलिस ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
सहारा समतल अधिसूचित क्षेत्र, बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि सहारा समतल क्षेत्र प्राधिकरण के अधिसूचित इलाके में आता है। यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। एसीईओ ने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति विकसित की जा रही संपत्तियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।
शाहबेरी में जर्जर मकान सील करने की प्रक्रिया शुरू
सहारा समतल में कार्रवाई पूरी करने के बाद प्राधिकरण की टीम शाहबेरी पहुंची। यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। प्राधिकरण के मुताबिक, पुलिस की मदद से सीलिंग की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि सरकारी और अधिसूचित जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।