Greater Noida Authority: ग्रेटर नोएडा में जल-सीवर व्यवस्था को मिलेगा नया रूप, वन सिटी वन ऑपरेटर योजना पर तेजी
- sakshi choudhary
- 15 Jul, 2025
Greater Noida Authority: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने मंगलवार को जल व सीवर विभागों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चल रही परियोजनाओं में तेजी लाई जाए। उन्होंने "वन सिटी वन ऑपरेटर" योजना के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) जल्द तैयार कराने को कहा और देरी करने वाली एजेंसी को सख्त चेतावनी दी। इस योजना के अंतर्गत पूरे शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जल आपूर्ति और रखरखाव की जिम्मेदारी एक ही ऑपरेटर को दी जाएगी।
Greater Noida Authority: स्मार्ट वाटर मीटर परियोजना को लेकर एसीईओ ने दिए ये निर्देश
बैठक में एसीईओ ने स्मार्ट वाटर मीटर परियोजना को जल्द मूर्त रूप देने के निर्देश दिए। पहले चरण में 10 प्रतिशत कनेक्शन पर वाटर मीटर लगाए जाएंगे, जिससे जल की बर्बादी रोकी जा सके और आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार हो। उन्होंने जल गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए और बेहतर सप्लाई के लिए बनाई गई चेकलिस्ट को सख्ती से पालन करने को कहा। इस कदम से शहरवासियों को बेहतर जल सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने स्पष्ट की ये बात
सीवर विभाग की समीक्षा करते हुए Greater Noida Authority की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी सीवर संबंधी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने एनटीपीसी को शोधित जल आपूर्ति की योजना को प्राथमिकता देने की बात कही, जिसके लिए एमओयू साइन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी ए.के. सिंह, राजेश कुमार गौतम, विनोद कुमार शर्मा, प्रभात शंकर समेत अन्य प्रबंधक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।