योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर बड़ा हमला! महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा- ‘द्रौपदी चीरहरण जैसा दृश्य’
- sakshi choudhary
- 19 Apr, 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर एक संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ खड़ा है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की चार प्रमुख जातियों—नारी, युवा, गरीब और किसान—को केंद्र में रखकर विकास की दिशा तय की है, लेकिन विपक्ष लगातार सुधारवादी नीतियों का विरोध करता रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल जैसे प्रगतिशील कदम का विरोध करके विपक्ष ने “महिला विरोधी मानसिकता” का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सदन में जिस प्रकार की टिप्पणियां की गईं, वह “द्रौपदी के चीरहरण जैसे दृश्य” के समान थीं। योगी ने सपा, कांग्रेस, राजद, टीएमसी और डीएमके सहित कई दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया है और महिलाओं के अधिकारों के रास्ते में बाधा डाली है।
वहीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर केवल राजनीति करता है और वास्तविक सशक्तिकरण का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है, जबकि विपक्ष ने इसे कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में महिलाएं वोट की ताकत से इसका जवाब देंगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





