यूपी में भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय, लू का अलर्ट जारी

top-news

उत्तर प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया है। अब परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। पहले यह समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। प्रार्थना सभा सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक और मध्यावकाश 10:00 से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।


इसी बीच शिक्षक संगठनों ने मांग उठाई है कि गर्मियों में स्कूलों का संचालन केवल 4 घंटे किया जाए, यानी सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक। उनका कहना है कि लंबे समय तक स्कूल में रहना बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। वहीं शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।


मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि यूपी के 26 जिलों में लू चलने की संभावना है, जिनमें प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा समेत कई इलाके शामिल हैं। तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है और अगले एक सप्ताह तक राहत की उम्मीद नहीं है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *