Monday, 12 May 2026 | 04:35 PM
BREAKING NEWS
● Ghaziabad News: सेहत के नाम पर बिक रहा मिलावटी घी, मसालों में भी मिलावट! 787 नमूनों में 499 फेल ● ग्रेटर नोएडा की पंचशील हाइनिश सोसाइटी में हंगामा, महिलाओं से अभद्रता और मारपीट का आरोप ● अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, योगी बोले- भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती ● खतौनी में नाम नहीं, जमीन पर बोर्ड नहीं... आखिर किसके भरोसे है ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की करोड़ों की जमीन? ● जेवर में किसान आंदोलन का बड़ा अपडेट! महापंचायत के बाद झुका प्रशासन, अब 23 नवंबर को यमुना प्राधिकरण में होगी निर्णायक वार्ता ● हुनरमंद युवा ही बनाएंगे विकसित भारत की मजबूत नींव, पीएम मोदी ने कौशल विकास को बताया देश की ताकत ● कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा के निशाने पर Meta, भारत में क्यों बढ़ रहे विवाद? हैदराबाद से गुरुग्राम तक क्या है पूरा मामला ● जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर होगी FIR, ग्रेटर नोएडा में 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात ● 50 फीसदी से ज्यादा लोगों को नहीं पता कि उन्हें है हाई बीपी, दीवार के सहारे की जाने वाली एक्सरसाइज से मिल सकता है फायदा ● यूपी स्पेशल TET का रिजल्ट घोषित, 17 दिन में जारी हुआ परिणाम

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, योगी बोले- भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। सोमवार को सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया जा रहा है।
top-news

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। सोमवार को सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचकर इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस नई रेल सेवा से दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।


योगी बोले- सदियों पुराने रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करेगी। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीएम योगी ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो संस्कृतियों का पौराणिक मिलन फिर से जीवंत हो रहा है। उन्होंने भारत और नेपाल के रिश्तों को आस्था, आत्मीयता और साझा विरासत का प्रतीक बताया।


रोटी-बेटी के रिश्ते को मिलेगा नया आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने पारिवारिक संबंध हैं, जिन्हें रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान देते हैं। जनकपुर में विवाह पंचमी के अवसर पर होने वाला राम-जानकी विवाह उत्सव इस रिश्ते की जीवंत मिसाल है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकता है।


करीब 604 किलोमीटर का सफर 19 घंटे में होगा पूरा

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम तक करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस यात्रा में लगभग 19 घंटे लगने की जानकारी दी गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी और इसके रास्ते में 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।


धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

सीएम योगी के मुताबिक, इस रेल सेवा से केवल श्रद्धालुओं को ही सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन के ठहराव वाले स्टेशनों के आसपास आर्थिक गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके साथ ही अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक प्रस्तावित श्रीराम-जानकी मार्ग को भी भारत और नेपाल के बीच बेहतर संपर्क की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।


28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी सेवा

सरयू-कमला एक्सप्रेस का औपचारिक शुभारंभ 23 नवंबर को किया जा रहा है। वहीं, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए इस रेल सेवा का संचालन शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे। इस रेल सेवा को भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।