Delhi: दिल्ली में AAP को बड़ा झटका, 13 पार्षदों ने दिया इस्तीफा
- sakshi choudhary
- 17 May, 2025
Delhi: दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। आम आदमी पार्टी (AAP) के 13 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर नया राजनीतिक मोर्चा बना लिया है। इन बागी पार्षदों ने “इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी” नाम से नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। एमसीडी में अब इन नेताओं ने अलग गुट बनाकर काम करने का फैसला किया है।
इस नई पार्टी का नेतृत्व हेमचंद गोयल करेंगे और मुकेश गोयल इसके अध्यक्ष होंगे। इस्तीफा देने वाले पार्षदों में हेमचंद गोयल, दिनेश भारद्वाज, हिमानी जैन, उषा शर्मा, साहिब कुमार, राखी कुमार, अशोक पांडेय, राजेश कुमार, अनिल राणा और देवेंद्र कुमार शामिल हैं। ये सभी पार्षद अब एक नए तीसरे फ्रंट के तहत दिल्ली में विकास को प्राथमिकता देने का दावा कर रहे हैं।
पार्षद हिमानी जैन ने इस्तीफे की वजह बताते हुए कहा, “पिछले ढाई साल में नगर निगम में कोई काम नहीं हुआ। हम सत्ता में थे, फिर भी विकास नहीं हुआ। इसलिए हमने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी बनाई है। अब हम सिर्फ उस पार्टी का समर्थन करेंगे जो ईमानदारी से दिल्ली के विकास के लिए काम करेगी।” खबर है कि और भी पार्षद इस नए गुट से जुड़ सकते हैं।