Greater Noida: शिव नादर यूनिवर्सिटी के पास लेबर कैंप में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं
- sakshi choudhary
- 14 May, 2025
Greater Noida: भीषण गर्मी के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में स्थित शिव नादर यूनिवर्सिटी के पास एक लेबर कैंप में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि ऊंची लपटें उठने लगीं और आसमान धुएं से भर गया। इससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि आग तिरुपति कंस्ट्रक्शन कंपनी के लेबर कैंप में लगी थी, जहां शिव नादर यूनिवर्सिटी में निर्माण कार्य के लिए मजदूर रहते हैं। आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य है। फिर भी जांच की जा रही है कि आग लगने की असली वजह क्या थी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।