Greater Noida: यूपी रेरा के लेखाकार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार! जाने पूरी खबर
- sakshi choudhary
- 26 Apr, 2025
Greater Noida: उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी रेरा) में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। एंटी करप्शन टीम मेरठ ने शनिवार को यूपी रेरा के लेखाकार को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पीड़ित कुलदीप, जो केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों विभाग में सहायक निदेशक हैं, ने वर्ष 2014 में ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10 स्थित अमात्रा होम्स प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराया था। उन्हें 2018 में फ्लैट का कब्जा मिलना था, लेकिन डेवेलपर ने बिना ऑक्यूपेशन और कंप्लीशन सर्टिफिकेट के 2019 में कब्जा दे दिया और अतिरिक्त चार लाख रुपये की मांग कर डाली।
कुलदीप ने इस अनियमितता की शिकायत यूपी रेरा में की। जांच के बाद जून 2022 में बिल्डर की अपील खारिज हो गई, फिर भी पिछले तीन वर्षों से कुलदीप को न तो वैध कब्जा मिल सका और न ही बिल्डर पर जुर्माना वसूला गया। इसी बीच लेखाकार ने कुलदीप का काम जल्द कराने के नाम पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी। असमर्थता जताने पर पांच हजार रुपये तत्काल और शेष बाद में देने की बात कही। कुलदीप ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की और योजना के अनुसार रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
जानकारी के लिए बता दे कि आरोपी के खिलाफ Greater Noida के बीटा-2 कोतवाली में कानूनी कार्रवाई चल रही है। इस घटना ने रेरा कार्यालय की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुलदीप ने यूपी रेरा में सुधार और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की मांग की है।