थार सवार युवक ने रोडवेज बस के चालक को पीटा, मामूली टक्कर के बाद पीटकर किया लहूलुहान
- sakshi choudhary
- 20 Feb, 2023
नोएडा। रोडवेज बस से थार में मामूली सी टक्कर होने पर थार सवार युवकों ने बस के चालक को बुरी तरह से पीट दिया और मौके से फरार हो गए। घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर रविवार शाम को प्रसारित हुआ।
17 सेकेंड के प्रसारित वीडियो में कुछ युवक बस के अंदर चालक को पीटते हुए दिख रहे हैं। बस के आगे थार खड़ी है और आसपास का यातायात बाधित है। वीडियो में वाहनों के तेज हार्न की आवाजें भी सुनाई पड़ रही हैं। घटना फेज तीन कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा की बताई जा रही है।
यूजर ने कमिश्नरेट पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर वीडियो को टैग कर युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों ने संबंधित कोतवाली पुलिस को वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह मामूरा चौक पर एक काले रंग की थार में एक रोडवेज बस के चालक ने पीछे से मामूली टक्कर मार दी। इस दौरान थार चालक रोडवेज बस को बीच सड़क पर रुकवा कर उसके चालक की पिटाई करने लगा। पूरी घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बना लिया था।