लोनी में जिंदा जलकर रिटायर्ड बैंक प्रबंधक की मौत, घटना के वक्त दूसरे फ्लोर पर था परिवार
- sakshi choudhary
- 16 Feb, 2023
गाजियाबाद। लोनी की इंद्रापुरी कॉलोनी में मंगलवार रात घर में आग लगने से 80 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक की झुलसकर मौत हो गई। बुजुर्ग मकान के प्रथम तल पर अकेले रहते थे। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
मूलरूप से किदवई नगर, कानपुर के 80 वर्षीय राम आसरे वर्ष 2001 में भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इंद्रापुरी कॉलोनी में उनका मकान है। भूतल पर उनका बेटा दीपक अग्रवाल, उसकी पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। दूसरा बेटा विवेक अग्रवाल छत्तीसगढ़ में नौकरी करता है। राम आसरे को बीपी और शुगर की दिक्कत थी।
खाना देकर नीचे वाले फ्लोर पर चली गई थी बहू
मंगलवार रात साढ़े आठ बजे दीपक की पत्नी अपने ससुर राम आसरे को भोजन देकर नीचे आ गई थी। कुछ देर बाद देखा तो उनके कमरे से धुंआ निकल रहा था। दीपक व अन्य ने आग बुझाने की कोशिश की। धुएं और आग अधिक होने के कारण कमरे में कोई नहीं जा सका। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच गई। 15 मिनट में आग बुझा दी गई। बुजुर्ग आग में झुलस गए थे। उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।