कंटेनर से 45 लाख की शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
- sakshi choudhary
- 16 Jan, 2023
नोएडा। आबकारी विभाग और सेक्टर 63 पुलिस ने साथ में कार्रवाई करते हुए शराब से भरा एक कंटेनर पकड़ा है। इस कंटेनर में सात हजार लीटर शराब ले जाई जा रही थी, जिसकी कीमत तकरीबन 45 लाख रुपए बताई जा रही है।
बिना बिल और फर्जी बिल की मदद से भेजी जाती थी शराब
बताया जा रहा है कि यह शराब चंडीगढ़ से अरुणाचल प्रदेश ले जाई जा रही थी। इस शराब को बिना बिल और फर्जी बिल के बाद तय जगह पर भेजा जाता था। साथ ही शराब की खेप को भेजते वक्त बिल पर वाहन का नंबर भी नहीं दर्ज किया जाता है।
मामले की तफ्तीश जा रही है
नोएडा पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आबकारी और सेक्टर 63 कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शराब से भरा कंटेनर पकड़ा है, जिससे 750 पेटियां बरामद की हैं और कंटेनर चालक सतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान पंजाब निवासी के रूप में की गई है। वहीं, इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी और मामले की तफ्तीश की जा रही है।