एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार, सरगना गिरफ्त से अभी बाहर
- sakshi choudhary
- 14 Jan, 2023
नोएडा। एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर दर्जनों छात्रों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिरों को शुक्रवार को सेक्टर-126 कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।अंतरराज्यीय जालसाजों के पास से रेंट एग्रीमेंट, आठ आधारकार्ड, नौ नए सिम, चार चेक बुक, एक डेबिट कार्ड और मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद हुआ है।
गिरोह का सरगना अभी गिरफ्त से बाहर
जालसाजों की पहचान बिहार के मुजफ्फरनगर के दीपक कुमार और बांदा के कोतवाली नगर के राजेश कुमार आहूजा के रूप में हुई है। दीपक वर्तमान में दादरी में, जबकि राजेश चोटपुर कालोनी में रह रहा था। गिरोह का सरगना अभी भी कोतवाली पुलिस की पहुंच से बाहर है।
सरगना की तलाश में कोतवाली पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि तीन जनवरी को लखनऊ के एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी थी कि एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर जालसाजों ने उनकी बेटी से करीब 14 लाख रुपये ले लिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद आरोपितों ने अपना नंबर बंद कर दिया।
सेक्टर-125 में खोला था ऑफिस
शातिरों ने सेक्टर-125 स्थित एक इमारत में ट्रूथ एडवाइजर्स कैरियर कंसल्टेंसी नाम से अक्टूबर में ऑफिस खोला था। लखनऊ की दर्शिका सिंह को आरोपितों ने वाराणसी के एक मेडिकल कालेज में दाखिला दिलाने का झांसा दिया और लाखों रुपये ठग लिए।