दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या, ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर मारने का आरोप
- sakshi choudhary
- 22 Aug, 2026
दिल्ली के निहाल विहार इलाके से पति-पत्नी के विवाद के बीच सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 31 वर्षीय विनय गुप्ता के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक विनय नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था और उसका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये था। विनय की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसके दो जुड़वा बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं। आरोप है कि पत्नी से चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए शुक्रवार सुबह ससुराल पक्ष के छह लोग विनय के घर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ससुराल वालों ने विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिवार के मुताबिक घटना के समय विनय की मां घर आए लोगों के लिए पानी और नाश्ता लेने गई थीं। इसी दौरान कमरे में मौजूद लोगों ने विनय को कथित तौर पर पीटना शुरू कर दिया। बेटे को बचाने के लिए मां ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। गंभीर रूप से घायल विनय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद चल रहा था और परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत के जरिए मामला सुलझ जाएगा। हालांकि, विवाद इतना बढ़ गया कि विनय की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और दो मासूम जुड़वा बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद निहाल विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार, मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके दो भाइयों समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मारपीट की वास्तविक वजह तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।