चक्रवात अकवान का असर! वंदे भारत समेत 23 ट्रेनों का बदला समय, 8 घंटे तक की देरी; यात्रियों की बढ़ी परेशानी
- sakshi choudhary
- 19 Nov, 2026
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। तूफान की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECOR) की 18 से 20 नवंबर के बीच चलने वाली 23 ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से आठ घंटे तक की देरी से रवाना होंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय जरूर जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान परेशानी न हो।
इन ट्रेनों में 5 से 8 घंटे तक की देरी
रेलवे के अनुसार, 19 नवंबर को हावड़ा-तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस (12663) और एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) आठ घंटे की देरी से रवाना होंगी। चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) और जूनागढ़ रोड-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (20838) सात घंटे देरी से चलेंगी। वहीं, विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुद एक्सप्रेस (20807) 20 नवंबर को पांच घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना होगी। जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस (18448) 19 नवंबर और पलासा-कटक मेमू (68446) 20 नवंबर को पांच घंटे देरी से चलेगी।
वंदे भारत समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनों का भी बदला समय
चक्रवात के कारण भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841), भुवनेश्वर-बेंगलुरु प्रशांति एक्सप्रेस (18463) और गुणुपुर-कटक मेमू (68434) 20 नवंबर को साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना होंगी। इसके अलावा 19 नवंबर को हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12863) और शालीमार-वास्को डी गामा अमरावती एक्सप्रेस (18047) तीन घंटे देरी से चलेंगी। हावड़ा-चेन्नई मेल (12839) और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12246) ढाई घंटे की देरी से रवाना होंगी। राउरकेला-गुणुपुर राज्यरानी एक्सप्रेस (18117), पटना-एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22644) और सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) के समय में भी बदलाव किया गया है। 20 नवंबर को भुवनेश्वर न्यू-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस (22819) और पलासा-भुवनेश्वर मेमू (68420) दो घंटे देरी से चलेंगी।
20 नवंबर को तट से टकराने की आशंका, रेलवे अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 19 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक, चक्रवात अकवान के 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तट पर नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पास पहुंचने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। रेल मंत्री ने दक्षिण तट रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है। रेलवे बोर्ड, जोन और मंडल स्तर पर 24 घंटे निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। आपात स्थिति में राहत और बहाली के लिए कर्मचारी, मशीनें और जरूरी संसाधन भी तैयार रखे गए हैं। रेलवे ने राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।