Greater Noida West: ऐस सिटी मार्केट में भीषण आग, लाखों का सामान खाक
- sakshi choudhary
- 01 Mar, 2025
Greater Noida West: ऐस सिटी सोसायटी के पास स्थित मार्केट में देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के पीछे के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है।
Greater Noida West: सिलेंडर ब्लास्ट से गूंजा इलाका, मची भगदड़
आग की लपटों ने जब दुकानों को घेर लिया, तो वहां रखे गैस सिलेंडर भी चपेट में आ गए, जिससे एक के बाद एक तीन धमाके हुए। इन ब्लास्ट्स के कारण इलाके में दहशत फैल गई, और लोग घबराकर पीछे हट गए। धमाकों की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दीं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण राहत कार्यों में भी बाधा आई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर ब्लास्ट होने से नुकसान और बढ़ गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
लाखों का नुकसान, व्यापारियों को बड़ा झटका
बता दे कि Greater Noida West के इस आग में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। मार्केट में किराने, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की कई दुकानें थी, जो आग की चपेट में आ गईं। व्यापारियों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।