Greater Noida: साइट-4 और 5 में वेंडिंग जोन तैयार, जल्द होगा कियोस्क का आवंटन; अतिक्रमण से मिलेगी राहत
- sakshi choudhary
- 04 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने औद्योगिक सेक्टरों में बढ़ती अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया है। यूपीसीडा के तीन औद्योगिक सेक्टर—साइट बी, साइट-4 और साइट-5 में वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से साइट-4 और साइट-5 में वेंडिंग जोन पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं। इन वेंडिंग जोन में करीब 100 कियोस्क का आवंटन किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए यूपीसीडा ने मुख्यालय को पॉलिसी तय करने हेतु प्रस्ताव भेज दिया है और अनुमति मिलते ही आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध ठेले और अस्थायी दुकानों के कारण अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी, जिससे न सिर्फ यातायात प्रभावित हो रहा था बल्कि आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही थी। इसी समस्या के समाधान के लिए वेंडिंग जोन की योजना बनाई गई। साइट-4 में सबसे अधिक 30 कियोस्क बनाए गए हैं, जो पूरी तरह तैयार हैं, जबकि साइट-5 में 12 कियोस्क विकसित किए गए हैं। साइट बी में भी वेंडिंग जोन का काम प्रगति पर है।
यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा के अनुसार, कियोस्क का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बाद औद्योगिक सेक्टरों से अवैध ठेले और दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इससे न केवल अतिक्रमण की समस्या खत्म होगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों में व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।