ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल पर छात्राओं के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 16 को मिलेगा मुफ्त चश्मा
- sakshi choudhary
- 14 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल पर शुक्रवार को सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर नोएडा के सेक्टर-26 स्थित आई केयर हॉस्पिटल (यूनिट ऑफ ईश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट) और इंडिया यामाहा लिमिटेड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत चलाए जा रहे स्कूल स्क्रीनिंग प्रोग्राम के तहत लगाया गया। इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं की आंखों की समय पर जांच कर उनकी दृष्टि संबंधी समस्याओं का समाधान करना है।
शिविर के दौरान कुल 129 छात्राओं की आंखों की जांच की गई। जांच में 16 छात्राओं को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जिन्हें आई केयर हॉस्पिटल की ओर से पूरी तरह निशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 4 छात्राओं को आगे के इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन छात्राओं का उपचार भी पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा, ताकि आर्थिक कारणों से किसी भी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित न हो।
कैंप का नेतृत्व कर रही आई केयर हॉस्पिटल की टीम ने बताया कि जिले के अन्य सरकारी स्कूलों में भी इसी तरह के निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह पहल छात्राओं के स्वास्थ्य और शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर नेत्र जांच से बच्चों की पढ़ाई में सुधार होता है और भविष्य में गंभीर आंखों की समस्याओं से बचाव संभव है।