पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचेगा यूपी बोर्ड परीक्षा पेपर, 60 केंद्रों पर 18 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
- sakshi choudhary
- 14 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 18 फरवरी से शुरू हो रही इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 60 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कक्षा 10वीं और 12वीं के 42,917 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने शिक्षा विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सभी केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं, जहां प्रश्नपत्रों को चार डबल लॉक अलमारियों में सुरक्षित रखा जाएगा। इन स्ट्रांग रूम्स की 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी होगी और सभी कैमरों को सक्रिय स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा दिवस पर प्रश्नपत्र खोलने से पहले विषय, तिथि और पाली की सावधानीपूर्वक जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है।