ग्रेटर नोएडा में सेंट मैरी स्कूल का उद्घाटन, राजनाथ सिंह ने बच्चों में संस्कारों पर दिया जोर
- sakshi choudhary
- 15 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में सेंट मैरी स्कूल के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बच्चों के उज्जवल भविष्य और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत की सीमाओं पर आंख उठाने की कोशिश करेगी, तो भारत हमेशा उसके खिलाफ दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है। समारोह में बच्चों से मिलकर उन्होंने खुशी जताई और यह भी कहा कि शिक्षकों का मुख्य कर्तव्य बच्चों में अच्छे संस्कार और चरित्र का निर्माण करना है।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि अंहकार की भावना को नहीं पालना चाहिए क्योंकि ऐसे लोग समय के साथ खत्म हो जाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को नैतिक मूल्यों और ज्ञान के साथ प्रशिक्षित करें। उनका कहना था कि केवल शिक्षा ही बच्चों के बुद्धि और चरित्र का विकास कर सकती है और इसी से देश का भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने यह भी व्यक्त किया कि कुछ शिक्षण संस्थान इस जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जबकि ज्ञान का असली सुख शिक्षण संस्थाओं से ही प्राप्त होता है।
उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और सेंट मैरी स्कूल के फाउंडर एस.सी. शुक्ला भी मौजूद रहे। ब्रजेश पाठक ने बताया कि कुछ ही दिनों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होने वाला है। राजनाथ सिंह ने यूपी के मुख्यमंत्री रहते 2001 में एयरपोर्ट की फाइल आगे बढ़ाई थी, जिससे एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट का निर्माण उत्तर प्रदेश में संभव हुआ।