ग्रेटर नोएडा: बिलासपुर में 37.5 करोड़ की अवैध निर्माण संपत्ति पर बुल्डोजर चलाया गया
- sakshi choudhary
- 16 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिलासपुर में लगभग 18,770 वर्ग मीटर जमीन पर चल रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने की। बिलासपुर के खसरा नंबर 100, 104 और 105 की इस जमीन पर कालोनाइजर ने घर और बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की कोशिश की थी। अनुमानित मूल्य इस अवैध संपत्ति का लगभग 37.5 करोड़ रुपये है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित क्षेत्र में अनुमति या नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि उनकी मेहनत और निवेश सुरक्षित रहे। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचने की सलाह दी गई है।
महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह और अन्य अधिकारियों की टीम ने सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई संपन्न की। अधिकारियों ने दोबारा निर्माण करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की है। यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अवैध निर्माण के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति पर कार्य कर रहा है।