Greater Noida: ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे संविदा कर्मचारी की करंट से मौत, जीटी रोड पर घंटों जाम
- sakshi choudhary
- 23 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र स्थित जीटी रोड की बालाजी कॉलोनी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जारचा गांव निवासी 32 वर्षीय रवि, जो धूम मानिकपुर बिजली घर पर संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था, बिजली फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर काम किया जा रहा था, तभी अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन, साथी कर्मचारी और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने शव को जीटी रोड पर रखकर जाम लगा दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने बिजली घर के बाहर खंभे डालकर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने ट्रैफिक को धूम मानिकपुर बाईपास की ओर डायवर्ट कर दिया। सूचना पर दादरी, बादलपुर और जारचा कोतवाली पुलिस के साथ एसीपी, डीसीपी और सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। उनका कहना था कि जब तक विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता व एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन नहीं देंगे, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। करीब तीन घंटे तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। फिलहाल प्रशासन वार्ता के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश में जुटा है।