यमुना एक्सप्रेसवे मेडिकल डिवाइस पार्क में टीआई मेडिकल्स को भूमि सब्सिडी, 215 करोड़ का निवेश
- sakshi choudhary
- 11 Mar, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मेडिकल डिवाइस पार्क में टीआई मेडिकल्स प्रा. लि. द्वारा चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। कंपनी 4.48 हेक्टेयर भूमि पर करीब 215.20 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना के तहत कंपनी को एफडीआई, एफसीआई और फॉर्च्यून इंडिया-500 निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत भूमि सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
कैबिनेट ने अनुमन्य सब्सिडी के तहत 14.77 करोड़ रुपये प्रतिपूर्ति के रूप में टीआई मेडिकल्स को देने का निर्णय लिया है। यह राशि केंद्र सरकार की मेडिकल डिवाइस पार्क योजना के अंतर्गत पहले से प्राप्त सब्सिडी को समायोजित करने के बाद प्रदान की जाएगी। इस निवेश से न केवल प्रदेश में मेडिकल डिवाइस निर्माण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि औद्योगिक गतिविधियां भी मजबूत होंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इस परियोजना की प्रक्रिया पहले विभिन्न स्तरों पर विचार के बाद पूरी हुई। 5 जुलाई 2024 को प्राधिकृत समिति की बैठक में परियोजना को मंजूरी मिली और 22 जुलाई 2024 को कंपनी को पात्रता प्रमाणपत्र जारी किया गया। इसके बाद 15 मई 2025 को इम्पावर्ड कमेटी ने सब्सिडी से जुड़े बिंदुओं पर विचार किया। अब मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद यूपी सरकार की यह पहल राज्य को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक साबित होगी।