दादरी रैली में अखिलेश यादव का बड़ा संदेश, किसानों और युवाओं को लेकर किए अहम वादे
- sakshi choudhary
- 01 Apr, 2026
दादरी में आयोजित समाजवादी समानता भाईचारा रैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनता को संबोधित करते हुए आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति और जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखी। मिहिर भोज कॉलेज मैदान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में किसानों के हितों पर जोर देते हुए कहा कि जिन किसानों को 64 प्रतिशत मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें सरकार बनने पर पूरा मुआवजा दिलाया जाएगा।
रैली के बाद अखिलेश यादव ने क्षेत्र के युवा समाजवादी नेता कृशांत भाटी को अपने साथ चार्टर्ड विमान से लखनऊ ले जाकर पार्टी के भीतर युवा नेतृत्व को महत्व देने का संदेश दिया। कृशांत भाटी ने बताया कि इस दौरान संगठन को मजबूत करने, क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंचायत चुनाव बहाल कराने और किसानों को 4 प्रतिशत प्लॉट देने जैसे मुद्दों पर भी पार्टी गंभीर है। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी रहेगी।
कृशांत भाटी के अनुसार, रैली में भारी जनसमर्थन देखने को मिला, जिसे पार्टी ने बदलाव के संकेत के रूप में देखा है। अखिलेश यादव ने भी भीड़ को देखकर संतोष व्यक्त किया और कहा कि दादरी क्षेत्र की जनता इस बार परिवर्तन के मूड में नजर आ रही है। पार्टी का दावा है कि आगामी चुनाव में क्षेत्रीय मुद्दों और किसान-युवा केंद्रित एजेंडा निर्णायक भूमिका निभाएगा।